महासमुन्द
बीमार प्रधानपाठक की जगह बाहरी युवक से अध्यापन का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मई। शासकीय मिडिल स्कूल लिमगांव से जुड़े एक प्रकरण में संभागीय संयुक्त संचालक, रायपुर ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में पदस्थ प्रधानपाठक धनीराम चौधरी के लंबे समय से अस्वस्थ रहने के दौरान एक बाहरी युवक से अध्यापन कार्य कराए जाने की शिकायत हुई थी। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट 10 मार्च को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, महासमुंद को सौंपी गई। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने 1 अप्रैल को कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए प्रकरण संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय भेजा।
रिपोर्ट के आधार पर 13 अप्रैल को संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। रिपोर्ट में तत्कालीन बीईओ प्रकाश चन्द्र मांझी, एबीईओ देवनारायण दीवान एवं जितेंद्र रावल, प्राचार्य ठण्डाराम टिकूलिया, संकुल समन्वयक गिरधारी लाल पटेल तथा शिक्षक दिनेश पटेल और मनीष साहू का उल्लेख किया गया है। मामला उस समय सामने आया था, जब तत्कालीन एसडीएम हेमंत रमेश नंदनवार ने स्कूल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान प्रधानपाठक की अनुपस्थिति में एक बाहरी युवक के अध्यापन कार्य करने की जानकारी सामने आई थी।
जांच रिपोर्ट में उल्लेख है कि संबंधित शिक्षकों ने बयान में बताया था कि प्रधानपाठक स्वास्थ्य कारणों से अनुपस्थित थे और उनकी जगह एक युवक को मानदेय देकर अध्यापन कार्य कराया जा रहा था।


