महासमुन्द

3 साल से लो वोल्टेज की समस्या, बल्ब दीये की तरह टिमटिमाते हैं
07-May-2026 4:48 PM
3 साल से लो वोल्टेज की समस्या, बल्ब दीये की तरह टिमटिमाते हैं

ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर ने दिया आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 मई। बागबाहरा ब्लाक की ग्राम पंचायत पोटिया के आश्रित गांव हिच्छा के एक वार्ड में लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। यहां बिजली नहीं के बराबर है। मतलब यह कि पिछले तीन साल से यहां लो-वोल्टेज की समस्या है। यहां बोर, पंखे, कूलर तो हैं, लेकिन बंद हैं। यहां तक लोग पीने के पानी के लिए भटक रहे हैंंंंंंंंंंंंंंं।

हिच्छा के ग्रामीण बताते हंै कि घर के बल्ब दीये की तरह टिमटिमाते हैं। इस भीषण गर्मी में पंखे, कूलर व इंडक्शन सिर्फ दिखावे की वस्तु बनकर रह गए हैं। इस समस्या से कलेक्टोरेट पहुंच कर कलेक्टर को अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।

 

ग्रामीण धनसिंह हिच्छा ने वाट्स एप पर मैसेज कर बताया है कि उनके वार्ड में वर्तमान में केवल टू-फेस बिजली कनेक्शन है। वोल्टेज इतना कम रहता है कि मोहल्ले का सार्वजनिक बोरवेल चल ही नहीं पाता। पानी की किल्लत के कारण महिलाओं को मीलों दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। घरों में न तो इंडक्शन चल पाता है और न ही कूलर पंखे। लो वोल्टेज के चलते कई इलेक्ट्रानिक सामान खराब हो चुके है।

उनका कहना है कि इस संबंध में स्थानीय बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया गया लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

विभाग की बेरुखी से नाराज होकर समस्त मोहल्लेवासियों ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि वार्ड में जल्द से जल्द थ्री-फेस कनेक्शन प्रदान किया जाए। इस पर कलेक्टर विनय लंगेह ने ग्रामीणों को जल्द निराकरण का आश्वासन दिया है। बिजली की इस समस्या का सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

अभिभावकों का कहना है कि अंधेरे में पढऩे से बच्चों की आंखों पर बुरा असर पड़ रहा है और उनका शैक्षणिक भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है।


अन्य पोस्ट