महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मई। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने मंगलवार को पालिका कार्यालय में आम जनों की समस्याएं सुनी। उन्होंने सभी समस्याओं के त्वरित निराकरण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। श्री साहू ने पालिका दफ्तर पहुंचे नागरिकों की सभी समस्याएं गंभीरता से सुनकर अधिकारियों से कहा कि लोगों की जो भी समस्याएं है उसे सूचीबद्ध कर शीघ्र निराकरण करें।
उन्होंने कहा कि नगर वासियों की समस्याओं का समाधान करना पालिका का प्रथम दायित्व है। मांगों, शिकायतों व समस्याओं से संबंधित आवेदनों का निराकरण शीघ्र हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। अध्यक्ष के समक्ष नागरिकों ने शिकायत की कि कुछ लोगों द्वारा टुल्लू पंप लगाकर नल से पानी खींचा जाता है।
जिससे उनके घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। जिस पर अध्यक्ष श्री साहू ने बताया कि टुल्लू पंप जब्ती की कार्रवाई लगातार जारी है। बार-बार अपील के बाद भी लोग बाज नहीं आ रहे हैं। अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा राशन कार्ड, पेंशन, आवास, पट्टा, सडक़ मरम्मत, नाली निर्माण की मांग संबंधित आवेदन लेकर नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे थे। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।


