महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 मई। महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम सिंगारपुर सांकरा क्षेत्र के जंगल में मंगलवार सुबह तेंदूपत्ता तोडऩे गए एक ग्रामीण पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है तथा उसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिंगारपुर निवासी विशेष प्रधान पिता वेदश्याम प्रधान, जाति कोलता उम्र 38 साल कल मंगलवार को तेंदूपत्ता तोडऩे जंगल गया हुआ था। सुबह 7.30 बजे जंगल के भीतर पीछे से अचानक एक भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू के हमले से उनके सिरए कान के पास चोट लगी। जबकि पेट में नाखून लगने से खरोंचें आईं। भालू के हमले के बाद उसकी आवाज सुनकर आसपास तेंदूपत्ता तोड़ रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़े।
ग्रामीणों की आवाज सुनकर भालू जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद घायल विशेष प्रधान को तत्काल घर लाया गया और घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। वनपाल रामाधार ध्रुव एवं राजकुमार साहू अपनी टीम के साथ घायल के घर पहुंचे। विभाग द्वारा तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई। बाद में परिजनों द्वारा उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।


