महासमुन्द

दहेज प्रताडऩा से तंग खुदकुशी : पति-सास-ससुर जेल गए
06-May-2026 4:53 PM
दहेज प्रताडऩा से तंग खुदकुशी : पति-सास-ससुर जेल गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 6 मई। महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर में दहेज प्रताडऩा से तंग आकर 26 वर्षीय नवविवाहिता रजनी प्रधान द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में डिगेश प्रधान पति, तमालवती प्रधान सास एवं विरेंद्र प्रधान ससुर सभी निवासी ग्राम धरमपुर, थाना सांकरा शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ  दहेज प्रताडऩा के आरोप में भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल को बालकृष्ण प्रधान ने थाना सांकरा पहुंचकर सूचना दी कि उसकी भाई-बहू रजनी प्रधान ने घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की तथा एसडीएम को इसकी सूचना दी गई।

परिजनों ने बताया कि रजनी प्रधान का विवाह 6 मार्च 2025 को डिगेश प्रधान के साथ हुआ था। शुरुआती दो-तीन माह तक सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन बाद में पति, सास और ससुर द्वारा दहेज कम लाने की बात कहकर उसे लगातार प्रताडि़त किया जाने लगा।

परिजनों के मुताबिक आरोपियों द्वारा सोना, नगदी और वाशिंग मशीन की मांग की जाती थी। दहेज में छोटा कूलर लाने पर मृतका को ताने दिए गए। पिता ने बाद में बड़ा कूलर खरीदकर भी दिया, लेकिन ससुराल पक्ष की मांगें और प्रताडऩा बंद नहीं हुई। मृतका ने मायके वालों को फ ोन पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताडऩा की जानकारी देती रही।

स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि दिसंबर 2025 में उसे मायके लाना पड़ा। कुछ दिनों बाद उसके पति, सास, ससुर को समझाइश देकर रजनी को पुन: उसके ससुराल धरमपुर भेजा गया। मामला शांत कराया गया। लेकिन प्रताडऩा का सिलसिला जारी रहा।

मामले का सबसे मार्मिक पहलू तब सामने आया, जब जांच में पता चला कि घटना से ठीक पहले रात करीब 1 बजे मृतका ने अपनी छोटी बहन को मोबाइल पर संदेश भेजा था .. मैं किसी पर बोझ नहीं बनना चाहती, मेरे न रहने पर ससुराल से सोना-चांदी वापस ले आना, यही मेरी आखिरी इच्छा है।

सुबह छोटी बेटी के मोबाइल में आए मेसेज देखने के बाद जब पिता ने फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। इसके बाद पति डिगेश प्रधान से संपर्क करने पर उसने पहले बात कराने की बात कही। फिर कुछ देर बाद फोन कर बताया कि रजनी ने फांसी लगा ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मृतका के पिता, छोटी बहन के बयान और पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि मृतका ने दहेज की मांग और लगातार प्रताडऩा से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाया।

इसके बाद पुलिस ने पति डिगेश प्रधान, सास तमालवती प्रधान और ससुर विरेंद्र प्रधान के खिलाफ  भारतीय न्याय संहिता की धारा 80-2 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया। कल मंगलवार को व्यवहार न्यायालय पिथौरा में तीनों आरोपियों को पेश किया गया। जहां न्यायालय ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। न्यायालय के आदेश पर शाम 4.30 बजे मृतका के पति एवं ससुर को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया। मृतका की सास को रायपुर जेल न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।


अन्य पोस्ट