महासमुन्द
महासमुंद, 5 मई। जामा मस्जिद के पास स्थित गार्डन में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी ओमप्रकाश गहेरवार, निवासी पिलवापाली (पिथौरा) ने बताया कि 3 मई को उसका भाई परमेश्वर गहेरवार अपनी रिश्तेदार को नीट की परीक्षा दिलाने महासमुंद आया था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि उसके भाई पर हमला हुआ है। घायल परमेश्वर गहेरवार ने बताया कि वह जामा मस्जिद के सामने स्थित एक गार्डन में बैठा था। इस दौरान मोटरसाइकिल से आए दो व्यक्तियों में से एक ने उससे पैसे मांगे। उसके अनुसार, पैसे देने के बाद भी आरोपी द्वारा और पैसे मांगे गए। मना करने पर आरोपी ने चाकू से वार किया। उसने वार को हाथ से रोकने की कोशिश की, जिससे उसके बाएं हाथ में चोट आई। घटना के दौरान साथ मौजूद महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


