महासमुन्द
महासमुंद, 4 मई। जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में नशे में धुत एक युवक ने पैसे नहीं मिलने पर अपने ही माता-पिता के साथ जमकर मारपीट कर दी। घटना में बुजुर्ग दंपती घायल हो गए। चोट लगने के बाद उन्हें परिजनों ने संभाला। माता-पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुर निवासी डिग्रीलाल कोसरिया 1 मई की रात करीब 8 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा और अपने माता-पिता से पैसे मांगने लगा। परिवार द्वारा पैसे देने से मना करने पर वह आग बबूला हो गया। आरोपी ने पहले गाली-गलौच शुरू की और फि र जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे लकड़ी के पाटा और डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में पिता जगदीश कोसरिया के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि माता गणेशी बाई के सिर, दोनों हाथ और दाहिने पैर में चोट लगने से खून निकलने लगा।
इससे उनका हाथ टूट गया। घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।
घटना को त्रिलोचन कोसरिया,तेजराम कोसरिया,आनंद कोसरिया सहित अन्य ग्रामीणों ने देखा और घायल दंपती को संभाला। घटना के बाद आरोपी के बड़े भाई उद्धव कोसरिया ने बसना थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी डिग्रीलाल कोसरिया के खिलाफ बीएनएस की धारा 115-2, 296 एवं 351-3 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


