महासमुन्द

पांचवीं की अंकसूची में त्रुटियों की शिकायत, जांच की मांग
03-May-2026 10:13 PM
पांचवीं की अंकसूची में त्रुटियों की शिकायत, जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मई।
महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र के कुछ स्कूलों में कक्षा पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अंकसूची में त्रुटियों की शिकायत सामने आई है।
गौरतलब है कि शासन-प्रशासन ने विगत सत्र 2024-25 से कक्षा पांचवीं एवं आठवी की बोर्ड परीक्षाएं पुन: शुरू की है। इससे पहले कक्षा पहली से आठवीं तक विद्यार्थियों को सामान्य प्रमोशन दिया जाता था। लंबे अंतराल के बाद बोर्ड परीक्षा की वापसी की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया था। लेकिन अंकसूची जारी करने में लापरवाही ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कुछ प्रधान पाठकों और शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि अंकसूची फर्द रिपोर्ट के आधार पर तैयार नहीं की गई है और अंकों के दर्ज होने में अंतर पाया गया है। उनके अनुसार, कई विद्यार्थियों के नाम, सरनेम, विषयवार अंक और कुल योग में त्रुटियां हैं।
शिक्षकों का कहना है कि इन त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों को सही अंकसूची मिलने में देरी हो रही है, जिससे आगे प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं सत्र 2024-25 से पुन: शुरू की गई हैं। इसके तहत स्कूलों को अर्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षाओं के अंक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फर्द रिपोर्ट में दर्ज कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करना था।

शिकायत करने वाले प्रधान पाठकों के अनुसार, 30 अप्रैल को परिणाम जारी होने के बाद प्राप्त अंकसूची में फर्द रिपोर्ट और अंकसूची के अंकों में अंतर पाया गया।
इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली टीकमचंद पटेल ने बताया कि प्रधान पाठकों से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन्हें जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेज दिया गया है। उनके अनुसार, स्कूलों द्वारा फर्द रिपोर्ट के आधार पर अंक भेजे गए थे, जबकि अंकसूची जिला स्तर से जारी की गई है।


अन्य पोस्ट