महासमुन्द
धूप में खड़े होकर बस का इंतजार करने मजबूर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मई। महासमुंद-तुमगांव मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों में बनाए गए यात्री प्रतीक्षालयों की स्थिति खराब हो गई है, जिससे यात्रियों को धूप में खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम परसदा ब, चिरको पड़ाव, तुमगांव, गाड़ाघाट, बेलसोंडा और बिरकोनी सहित कई स्थानों पर शेडयुक्त प्रतीक्षालय बनाए गए थे। इनका उद्देश्य यात्रियों को बैठने और मौसम से राहत देने की सुविधा उपलब्ध कराना था। प्रत्येक प्रतीक्षालय के निर्माण पर लगभग 6.50 से 7 लाख रुपए खर्च किए गए थे।
ग्राम पंचायत परसदा के उपसरपंच विरेंद्र चंद्राकर के अनुसार वर्ष 2022-23 में डीएमएफ (जिला खनिज न्यास फंड) से इनका निर्माण कराया गया था। उनका कहना है कि दिन में इनका उपयोग होता था, जबकि रात में कुछ लोग यहां ठहरते थे, जिसके बाद संरचनाओं को नुकसान पहुंचा। वर्तमान में कई प्रतीक्षालयों में कुर्सियां टूट चुकी हैं और ढांचे को भी क्षति पहुंची है। जिले के करीब 35-40 ग्राम पंचायतों में ऐसे प्रतीक्षालय बनाए गए थे।
ग्रामीणों का कहना है कि मरम्मत के साथ-साथ इनकी सुरक्षा के उपाय भी जरूरी हैं, ताकि सुविधाएं लंबे समय तक उपयोग में बनी रह सकें। उन्होंने संबंधित विभाग से व्यवस्था सुधारने की मांग की है। इसके अलावा महासमुंद स्थित गुरु घासीदास बस स्टैंड के प्रतीक्षालय में भी यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। यात्रियों के अनुसार यहां बैठने की व्यवस्था सीमित है और अन्य सुविधाएं भी सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रही हैं। इस संबंध में संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।