महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 3 मई। पूर्व तट रेलवे के संबलपुर डिवीजन की डीआरयूसीसी की बैठक डीआरएम सुभाषचंद्र चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन सीनियर डीसीएम गरिमा तिवारी ने किया। इसमें संभाग स्तरीय रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में डीआरयूसीसी सदस्य डॉ. विश्वनाथ पाणिग्रही ने कई प्रस्ताव रखे। इनमें महानदी पर नए रेल पुल का नाम रानी पद्मावती के नाम पर रखने, कोमाखान में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण, समता एक्सप्रेस को हरिद्वार या ऋषिकेश तक विस्तार, पुरी-एलटीटी एक्सप्रेस का बागबाहरा में ठहराव, स्टेशन पर रैंप सुविधा, अंडरब्रिज की सडक़ मरम्मत, कोच डिस्प्ले, प्लेटफॉर्म-2 पर वाटर कूलर के लिए स्थान उपलब्ध कराने, भीमखोज में रायपुर-तितलागढ़ ट्रेन के ठहराव तथा पुरी-गांधीधाम और पुरी-अजमेर एक्सप्रेस के ठहराव से संबंधित प्रस्ताव शामिल थे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोच डिस्प्ले का कार्य 3-4 माह में पूरा होने की संभावना है। बागबाहरा के अंडरब्रिज की मरम्मत कार्य स्वीकृत बताया गया है। रैंप सुविधा के लिए सर्वे किए जाने की बात कही गई।
कोमाखान में ओवरब्रिज निर्माण के प्रस्ताव पर डीआरएम ने यातायात का सर्वे कराने के निर्देश दिए। पुरी-एलटीटी एक्सप्रेस के ठहराव और समता एक्सप्रेस के विस्तार संबंधी प्रस्तावों को पुन: रेलवे मुख्यालय भेजने की जानकारी दी गई।
महानदी के नए रेल पुल के नामकरण के प्रस्ताव पर अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में कोई प्रावधान नहीं है। इस पर डॉ. पाणिग्रही ने अपने पक्ष में विभिन्न उदाहरणों का उल्लेख करते हुए प्रस्ताव को मुख्यालय भेजने का आग्रह किया।
बैठक में जल सेवा समिति, बागबाहरा को प्लेटफॉर्म-2 पर वाटर कूलर के लिए स्थान उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर सहमति जताई गई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई।


