महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 मई। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने फीस वसूली से जुड़े एक मामले में श्याम बालाजी कॉलेज, महासमुंद को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
यूजीसी के निर्देशानुसार, संबंधित छात्रा से ली गई अतिरिक्त राशि में से 20,000 रुपये लौटाने को कहा गया है। साथ ही, सात दिनों के भीतर नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है।
यह मामला सामाजिक कार्यकर्ता पंकज साहू की शिकायत के आधार पर सामने आया। शिकायत में कॉलेज पर निर्धारित फीस से अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता द्वारा यूजीसी को कुछ ऑडियो सामग्री भी उपलब्ध कराए जाने का उल्लेख है।
यूजीसी द्वारा जारी निर्देश में कॉलेज प्रशासन और संबंधित विश्वविद्यालय से छात्रा का शैक्षणिक रिकॉर्ड जारी करने तथा मूल्यांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
आयोग ने यह भी कहा है कि निर्धारित समय सीमा में जवाब और आवश्यक कार्रवाई नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने आरोपों से इनकार किया है। प्रबंध समिति की सचिव तारा चंद्राकर के अनुसार, कॉलेज द्वारा निर्धारित नियमों का पालन किया जाता है और सभी खर्चों का विवरण छात्रों को दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा संस्थान की छवि प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध हैं।
मामले में आगे की कार्रवाई यूजीसी के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।


