महासमुन्द

बुजुर्ग को झांसे में लेकर 10 लाख के जेवर पार
30-Apr-2026 3:22 PM
बुजुर्ग को झांसे में लेकर  10 लाख के जेवर पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 अप्रैल। तेन्दूकोना थाना क्षेत्र के ग्राम बगारपाली में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक अज्ञात शातिर ठग ने घर के बुजुर्ग को झांसे में लेकर अलमारी से करीब 10 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ  बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।              

जानकारी के अनुसार, बगारपाली निवासी ओमप्रकाश ठाकुर जो खेती-किसानी के साथ किराना दुकान चलाते हैं, ने पुलिस को बताया कि 27 अप्रैल की सुबह करीब 8-9 बजे के बीच जब वे घर पर नहीं थे, तब एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर

पहुंचा। आरोपी ने उसने उनके पिता नोहर सिंह को विश्वास में लेने के लिए झूठ बोला कि ओमप्रकाश ने 12 क्विंटल छड़ मंगवाई है, जिसमें से वह 8 क्विंटल अपने पास रखेगा और 4 क्विंटल यहां देगा।

प्रार्थी के मुताबिक ठग ने मोबाइल पर बात करने का नाटक करते हुए बुजुर्ग को गुमराह किया और अलमारी की चाबी ढूंढने लगा। चाबी मिलने पर उसने अलमारी के लॉकर को खोल लिया और उसमें रखे भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया।

चोरी गए सामानों में 14.760 ग्राम का सोने का हार, 22 ग्राम का रानी हार,10 नग बड़े लकिट 10 ग्राम,5 नग छोटे सोने की अंगूठी, बाली तथा चांदी लॉकेट 5 ग्राम,एक जोड़ी झुमका 15 ग्राम, 300 ग्राम वजनी पायल,150 ग्राम की छोटी पायल, 300 ग्राम की करधन और 4 नग बिछिया शामिल हैं। इन आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई गई है। तेन्दूकोना पुलिस ने धारा 334-4 और 305-1 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।


अन्य पोस्ट