महासमुन्द

कुरूद स्टेशन के पास नहर में मिली बसना के युवक की लाश
30-Apr-2026 3:20 PM
कुरूद स्टेशन के पास नहर में मिली बसना के युवक की लाश

सिर पर चोट के निशान, पानी में डूबने से मौत की पुष्टि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 अप्रैल। नेशनल हाईवे रेलवे स्टेशन कुरूद के पास स्थित नहर में एक तैरती हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अभिषेक वरदान श्रीवास्तव (32 वर्ष) बसना के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह ग्राम डंडेसरा के ग्रामीणों ने नहर के पानी में एक शव को बहते हुए देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कुरुद पुलिस को दी। पानी के बहाव के कारण पुलिस के पहुंचने तक शव बहते हुए रेलवे स्टेशन के पास बने ओवरब्रिज तक पहुंच चुका था। जहां से कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि अभिषेक धमतरी की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और वहीं किराए के मकान में रहता था। मंगलवार शाम करीब 4 बजे वह कोलियरी गया अपने कुछ दोस्तों के साथ था। नहर किनारे दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद उनके दोस्त घर वापस लौट गए। मृतक बाद में आने की बात कहकर वहां रुका रहा। कल बुधवार सुबह उसकी लाश डंडेसरा से बहते हुए कुरुद तक पहुंच गई।

पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि मृतक नशे की हालत में नहर में गिर गया होगा। जिससे पानी मे डूबने से मौत हो गई। शुरुआती जांच में युवक के सिर पर चोट के निशान मिले थे। जिसे लेकर पुलिस का कहना है कि संभवत: नहर में गिरने या बहने के दौरान सिर किसी पत्थर से टकराया होगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आधिकारिक जानकारी के अनुसार अभिषेक की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है। परिजनों ने कुरुद पहुंचकर शव की शिनाख्त की। जिसके बाद पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया है।

कुरुद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन दोस्तों से भी पूछताछ कर सकती है जिनके साथ अभिषेक को अंतिम बार देखा गया था।


अन्य पोस्ट