महासमुन्द

खबर का असर: पुन: जांच के आदेश निरस्त
30-Apr-2026 2:30 PM
खबर का असर: पुन: जांच के आदेश निरस्त

अवैध कटाई में उच्च स्तरीय जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की संभावना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 30 अप्रैल। महासमुंद जिले के जम्हर सागौन रोपणी क्षेत्र के कक्ष क्र 242 में करीब 100 परिपक्व पेड़ों की अवैध कटाई की खबर ‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशन एवं शिकायत के बाद उच्च स्तरीय जांच में कटाई की पुष्टि होने के बाद एसडीओ स्तर पर पुन: जांच के आदेश को अंतत: निरस्त कर दिया गया है। अब उच्च स्तरीय जाँच रिपोर्ट के आधार पर ही दोषियों पर कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।

कार्यालय उप वनमंडलाधिकारी, उप वनमंडल सरायपाली द्वारा शिकायतकर्ता ललित मुखर्जी को भेजे गए पत्र के अनुसार, इस मामले में पूर्व में निर्धारित स्थल निरीक्षण (मौका जांच) को रद्द कर दिया गया है। पत्र में कहा गया है कि संबंधित प्रकरण में उच्च अधिकारियों द्वारा जांच पूरी कर रिपोर्ट वरिष्ठ कार्यालय को भेजी जा चुकी है, इसलिए पुन: स्थल जांच की आवश्यकता नहीं है।

शिकायतकर्ता ललित मुखर्जी ने आरोप लगाया था कि कक्ष क्रमांक 242 में सागौन वृक्षों की बड़े पैमाने पर अवैध कटाई हुई है और इसमें विभागीय स्तर पर मिलीभगत भी शामिल हो सकती है। उनकी शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उच्च स्तरीय जांच में लगभग 100 सागौन वृक्षों की कटाई का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में करीब 52.17 घन मीटर लकड़ी के नुकसान का आकलन किया गया है, जिसकी अनुमानित लागत शासकीय दरों के अनुसार लगभग 60 लाख रुपये बताई गई है।

शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि जांच रिपोर्ट के बाद वन मंडलाधिकारी द्वारा अलग से एसडीओ स्तर की जांच के आदेश दिए गए थे। हालांकि, बाद में इस संबंध में जारी आदेश को निरस्त कर दिया गया। फिलहाल, उच्च स्तरीय जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया जारी बताई जा रही है।


अन्य पोस्ट