महासमुन्द
महासमुंद, 30 अप्रैल। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को एक विशेष धरपकड़ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सरायपाली अनुभाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने दबिश देकर कुल 59 वारंटियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में 25 स्थायी वारंटी शामिल हैं जो लंबे समय से फ रार चल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद से प्राप्त निर्देशों के बाद अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरायपाली की अगुवाई में अनुभाग के सभी थानों और चौकियों से अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की गईं। बुधवार 28 अप्रैल की सुबह से ही ये टीमें सक्रिय हो गईं और चिन्हित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया।
इस कार्रवाई में थाना सरायपाली, सिंघोड़ा, बसना, बलौदा और चौकी भंवरपुर क्षेत्र के फरार अपराधियों को दबोचा गया। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस एक दिवसीय अभियान में कुल 25 स्थायी गिरफ्तारी वारंट और 34 जमानतीय वारंटों का निष्पादन किया गया। इसके अतिरिक्त 21 समन भी तामील कराए गए।


