महासमुन्द

आत्मानंद स्कूल में 11वीं गणित-विज्ञान का रिजल्ट शत प्रतिशत, टॉपर्स लिस्ट में बेटियों का दबदबा
29-Apr-2026 3:54 PM
आत्मानंद स्कूल में 11वीं गणित-विज्ञान का रिजल्ट शत प्रतिशत, टॉपर्स लिस्ट में बेटियों का दबदबा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,29अप्रैल। स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल सेजेस नयापारा में कल मंगलवार को कक्षा 9वीं और 11वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। घोषित परिणामों में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से 11वीं के गणित और विज्ञान संकाय का परिणाम शत प्रतिशत रहा।

प्राचार्य अमी रूफस ने कक्षा 9वीं व 11वीं के प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को अंक सूची प्रदान कर प्रोत्साहित किया। घोषित परिणामानुसार कक्षा 9वीं में 95.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चिराग यदु प्रथम, 89.1 प्रतिशत अंक प्राप्त कर भूमिका साहू द्वितीय, 86.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जागृति साहू तृतीय रहीं। वहीं कक्षा 11वीं गणित में 91.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चेतना साहू प्रथम, 85.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ज्योति ध्रुव द्वितीय, 81.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रिया साहू तृतीय रहीं। कक्षा 11वीं कॉमर्स में 87.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रियंका कंसारी प्रथम, 84.6 प्रतिशत अंक प्राप्त ख्याति चंद्राकर द्वितीय, 82.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर किरण बिभार तृतीय रहे।

कक्षा 9वीं का कुल प्रतिशत 81.52 रहा तथा 11वीं गणित संकाय 100 प्रतिशत, विज्ञान संकाय 100 प्रतिशत एवं वाणिज्य संकाय का 90 प्रतिशत परिणाम रहा। संस्था प्रमुख प्राचार्य अमी रूफस के द्वारा समय सुबह 9 बजे समस्त पालकों एवं विद्यार्थियों के बीच वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा की गई।

प्राचार्य ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम चाहे जो भी हो नंबर के पीछे नहीं भागना है तथा अपने रुचियों को ध्यान में रखते हुए बच्चों को उस कार्य को करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने पालकों से भी आग्रह किया कि अपने रुचि एवं अपनी इच्छाओं को बच्चों पर न थोपें। इस मौके पर वरिष्ठ व्याख्याता गोसाईराम टांडेकर, प्रियंका पीटर,ओमप्रकाश देवांगन, हरीश पाण्डेय, प्रणिता शर्मा, प्रधानपाठक रूपा पांडेय, प्रधानपाठक कीर्ति थवाईत, शिवा कोटेश्वरमा, विकास यादव, डॉ शशबीर कौर, मितेश शर्मा, नेहा दुबे,कल्याणी सोनकर, रंजीत सिंह रूपराह, तृषा शर्मा, दिव्येश वाणी मौजूद थे।

 


अन्य पोस्ट