महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सांकरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ गांजा के परिवहन के मामले में सात अंतरराज्यीय तस्करों को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से लगभग 12.563 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के कटक से महाराष्ट्र के जालना की ओर गांजा ले जाया जा रहा है। इसमें एक सफेद रंग के एक्सयूवी वाहन अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर आ रही है। उसकी पायलेटिंग एक सफेद रंग की डिजायर कार कर रही है।
इस सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित सांकरा तिराहा के पास घेराबंदी कर दो वाहनों को रोका गया। पूछताछ के बाद मौके पर आरोपियों के कब्जे से करीब 12.563 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
इस मामले में पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपियों में मनोज सांगले, रोहित भोसले, किशन पवार, रंजीत घोलप सभी महाराष्ट्र निवासी हैं। साथ ही तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।
कार्रवाई के दौरान दो वाहन, नौ मोबाइल और गांजा सहित कुल लगभग 19.94 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।