महासमुन्द
करोड़ से अधिक के लेनदेन का खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल। महासमुन्द कोतवाली थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े एक मामले में मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन से संबंधित साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी इसी प्रकरण में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जो एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े थे। इस मामले में आगे की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और सूचना के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने रायपुर और बेमेतरा से पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह जानकारी सामने आई कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाया जा रहा था, जिसमें लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये के लेनदेन की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में एक मुख्य संचालक द्वारा पैनल संचालित किए जाने और अन्य व्यक्तियों को आईडी उपलब्ध कराने की भूमिका सामने आई है। सट्टे से संबंधित धन के वितरण और संचालन का कार्य भी इसी नेटवर्क के माध्यम से किए जाने की बात कही गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 22 मोबाइल फोन और सट्टे से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए हैं। जब्त सामग्री और लेनदेन के आधार पर कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।


