महासमुन्द

समाज में मिलाने की बात पर अवैध उगाही का आरोप, 4 पर जुर्म
26-Apr-2026 3:55 PM
समाज में मिलाने की बात पर अवैध उगाही का आरोप, 4 पर जुर्म

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अप्रैल।
बसना थाना के ग्राम बड़ेडाभा के एक ग्रामीण को डरा धमका कर समाज में मिलाने के नाम पर रकम की उगाही करने का मामला सामने आया है। आरोपियों द्वारा पीडि़त से समाज में मिलाने हेतु मीटिंग के नाम पर पैसा लिया जाता था, लेकिन बार-बार पैसा लिए जाने के बावजूद उन्हें समाज में नहीं मिलाया गया। जिसके कारण उनका विवाह भी नहीं हो पा रहा है। परेशान होकर ग्रामीण ने पुलिस से इसकी शिकायत की है। जिस पर पुलिस ने मरार समाज के 4 सदस्य पर 3 (5), 308(2) बीएनएस का अपराध दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ेडाभा निवासी मनोज पटेल की दीदी गायत्री पटेल की शादी ग्राम बड़ेटेमरी के मुरलीधर पटेल के हुई थी। जिनका पारिवारिक विवाद चल रहा है। इस विवाद के चलते उन्होंने मरार समाज के सदस्य जयदेव पटेल, सुन्दरलाल पटेल, सिया पटेल, उद्धव पटेल को मध्यस्थता कर समाधान हेतु बोला था, जिस पर सामाजिक पदाधिकारी ने मनोज को मीटिंग के लिए 6500 रुपया देना पड़ेगा नहीं तो कितना भी घूमो समाज में नहीं मिल पाओगे कहा गया।  जिसके बाद मनोज ने 27 फरवरी 2024 को मीटिंग के लिए 6500 रुपये सुन्दरलाल पटेल को दिया।

लेकिन उस मीटिंग में जयदेव पटेल, सुन्दरलाल पटेल, सिया पटेल, उद्धव पटेल ने कोई निर्णय नहीं किया और जान बुझ कर मनोज एवं उसके परिवार के सदस्यों को समाज से बहिष्कृत कर दिया।
 मनोज लागतार जयदेव पटेल, सुन्दरलाल पटेल, सिया पटेल, उद्धव पटेल से परिवार के सदस्यों को समाज में मिलाने के लिए प्रार्थना करने लगा। जिस पर उसे उन चारों ने 6000 रुपया और देना पड़ेगा तब मीटिंग कर के समाज में मिलाएंगे, पैसा नहीं देने पर समाज में नहीं मिलाएंगे कहा गया।

जिसके चलते मनोज समाज ने पुन: मीटिंग के लिए 6000 रुपया देकर 22 अप्रैल 2026 को सामाजिक बैठक कराया। जिसमें जय देव पटेल, सुन्दरलाल पटेल, सिया पटेल, उद्धव पटेल उपस्थिति होकर सामाजिक भवन बंसुला में बैठक कर यह बोले कि अभी कोई निर्णय नह होगा और मनोज पर 2100 रुपया का दंड अधिरोपित कर दिया।
मनोज ने बताया कि जय देव पटेल, सुन्दरलाल पटेल, सिया पटेल, उद्धव पटेल की मनमानी के कारण उसका पुरा परिवार समाज से बहिष्कृत हैं। परेशान होकर मनोज ने पुलिस से इसकी शिकायत की है। जिस पर पुलिस ने जयदेव पटेल, सुन्दर लाल पटेल, सिया पटेल और उद्धव पटेल पर 3 (5), 308(2) बीएनएस का अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट