महासमुन्द

विपक्ष ने देश को किया निराश-पुरंदर
25-Apr-2026 8:20 PM
विपक्ष ने देश को किया निराश-पुरंदर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अप्रैल।
उत्तर रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारत की नारी शक्ति के लिए एक महायज्ञ था।  लेकिन, 30 साल तक राजनीति में महिलाओं की भागीदारी रोकने वाले स्वार्थी विपक्ष ने इस बिल को गिराकर महिलाओं के साथ-साथ पूरे देश को निराश किया।

श्री मिश्रा कल जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी दादी ने इसका इंतजार किया था। हमारी माताओं ने इसकी उम्मीद की थी। हमारी बहन-बेटियों ने इस क्षण का इंतजार किया था। कांग्रेस और उसके साथियों ने आपकी बेटियों को और 30 साल इंतजार करवाया। और अब सबसे ऊँचे स्तर पर भारतीय महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को कमजोर किया है। यह कोई राजनैतिक विषय नहीं था।

विपक्ष ने जो किया है, वह शीर्ष नेतृत्व में नीति निर्धारण करने वाली भूमिकाओं में महिलाओं की काबिलियत पर शक और महिलाओं से घृणा करने वाली सोच को उजागर करता है। कांग्रेस ने पारंपरिक रूप से महिला विरोधी रूख बनाए रखा है, जो उसके पुराने साथियों और मौलिवयों से प्रेरित है।  विपक्ष हमेशा इस बिल के समर्थन में होने का दिखावा करता रहा है। हर बार वे कहते थे हम इसके समर्थन में हैं, लेकिन ऐसा होने नहीं दिया।

श्री मिश्रा ने कहा कि 2014 में जब प्रधानमंत्री मोदी केंद्र में आए, तो भारतीय महिलाएं बहुत बुरी हालत में थीं। वे खुले में शौच करने के लिए मजबूर थीं। उनके पास गैस सिलेंडर नहीं थे, पानी की सप्लाई नहीं थी। घरों की कमी के कारण करोड़ों भारतीय परिवार खुले में सोने को मजबूर थे। महिलाएं बैंकिंग सिस्टम से जुड़ी नहीं थी और न ही उनके पास फार्मल क्रेडिट तक पहुँच थी। विपक्ष ने बस इन कोशिशों का मजाक उड़ाया, उनकी बुराई की और उन्हें नाकाम किया।

महिलाएं उन लोगों को कभी माफ नहीं करेंगी, जिन्होंने ऐसा किया। हमारे लिए यह कभी भी राजनीतिक क्रेडिट लेने की बात नहीं थी। बल्कि हमने पूरी संसद से सपोर्ट मांगा था। उन्होंने कहा कि भारत की महिलाएं कांग्रेस को माफ नहीं करेंगी।


अन्य पोस्ट