महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबहारा, 25 अप्रैल। ब्राह्मण समाज द्वारा नगर में भगवान परशुराम प्रकटोत्सव के अवसर पर शोभायात्रा, सामूहिक पूजन और महाप्रसादी सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शुक्रवार को ह्यूमन प्राइड स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक द्वारिकाधीश यादव, नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी बघेल, उपाध्यक्ष देवेश साहू और पार्षदों की उपस्थिति में परिषद द्वारा पारित प्रस्ताव के अनुसार स्कूल के सामने स्थित चौक का नामकरण भगवान परशुराम चौक किया गया। इस अवसर पर नामकरण पट्टिका का पूजन और लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक द्वारिकाधीश यादव ने भगवान परशुराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं और उन्होंने अन्याय के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने ब्राह्मण समाज की भूमिका पर भी अपने विचार व्यक्त किए। नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी बघेल ने भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डाला और कहा कि परिषद समाज के कार्यों में सहयोग करती रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाज के अध्यक्ष हरीश पाण्डेय ने चौक नामकरण के लिए विधायक और नगर पालिका परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में सहयोग की अपेक्षा जताई।
इससे पहले प्रकटोत्सव के अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा भगवान परशुराम का पूजन किया गया, जिसे पंडितों द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया।
शाम को दुर्गा मंदिर के सामने से शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत किया गया। शोभायात्रा में महिलाएं, युवक-युवतियां और अन्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


