महासमुन्द

सडक़ पर खड़ी कार में लगी आग
24-Apr-2026 5:06 PM
सडक़ पर खड़ी कार में लगी आग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अप्रैल।
सरायपाली के व्यस्ततम जय स्तंभ चौक पदमपुर रोड पर गुरुवार दोपहर एक कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जानकारी के मुताबिक घटना दोपहर करीब 12.20 बजे की है। कार दुलारपाली निवासी साहू परिवार की बताई गई है। सडक़ पर खड़ी कार में से धुआं निकलने लगा। आग की लपटें उठती देख कार सवार ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

मिली जानकारी अनुसार ग्राम दुलारपाली निवासी हेमलाल साहू अपने किसी काम से सरायपाली आए हुए थे। वे चप्पल सिलवाने के लिए गुरूनानक चौक के पास रुके और सिलवाने के बाद जब वे चाबी लगाकर गाड़ी में बैठे, तभी मोची ने कार से धुआं निकलता देख उन्हें तुरंत बाहर निकलने के लिए कहा। हेमलाल समय रहते तत्काल गाड़ी से बाहर आ गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। देखते ही देखते कार में आग लग गई। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नितेश सिंह ठाकुर भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। साथ ही फायर बिग्रेड को भी बुलाया गया लेकिन कार काफी जल चुकी थी। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी के कारण इंजन ओवरहीट होने या शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। घटना की सूचना मिलते ही सरायपाली पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला।
नगरपालिका की दमकल गाड़ी को तत्काल बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि जब तक आग बुझाई गई तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट