महासमुन्द

समन्वय के साथ काम करें अफसर-कलेक्टर
23-Apr-2026 7:22 PM
समन्वय के साथ काम करें अफसर-कलेक्टर

सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अप्रैल।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कल कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक के पश्चात सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा.निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार,अपर कलेक्टर  सचिन भूतड़ा, रवि साहू, सडक़ सुरक्षा समिति के सदस्य एवं जिला अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलों में विद्यार्थियों के माध्यम से पालकों से संपर्क स्थापित कर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं ताकि सडक़ सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी विकसित हो सके। कलेक्टर ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात विभाग को निर्देशित किया गया कि हेलमेट न पहनने एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई.चालान की प्रभावी कार्रवाई करें।
रात्रि के समय सडक़ों पर विचरण करने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु एनएचआई, पशुपालन विभाग, यातायात विभाग तथा नगरीय निकायों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मवेशियों को सडक़ों से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही पशु मालिकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों ब्लैक स्पॉट एवं नवीन ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा नगरीय एवं ग्रामीण निकायों को निर्देशित किया गया। साथ ही ओवरलोड संचालित हो रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी संबंधित विभागों को सडक़ सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
 


अन्य पोस्ट