महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21अप्रैल। शास्त्र और शस्त्र के ज्ञाता, न्याय के प्रतीक भगवान श्री परशुराम के प्रकटोत्सव पर रविवार को स्थानीय ब्राम्हण समाज द्वारा नगर में निकाली गई शोभायात्रा का नेहरू चौक में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने पार्षदों व वरिष्ठ जनों के साथ स्वागत किया।
श्री साहू ने भगवान परशुराम जी की पूजा कर नगर की खुशहाली व समाज में सद्भावना की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी का जीवन हमें अधर्म के विरुद्ध खड़े होने और ज्ञान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान परशुराम जी का आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। पश्चात नपाध्यक्ष द्वारा नेहरू चौक में शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को आइसक्रीम का वितरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि ब्राम्हण समाज द्वारा भगवान परशुराम जी के प्रकटोत्सव पर सुबह से भक्तिमय कार्यक्रम किये गए। शोभायात्रा के दौरान भक्ति, शक्ति और संस्कृति के इस अनुपम संगम में नगर वासियों का उत्साह और श्रद्धा देखते ही बन रही थी। यह शोभायात्रा नगर के एफसीआई मार्ग स्थित ब्राम्हण समाज भवन से प्रारंभ होकर लोहिया चौक सहित मुख्य मार्गों से गुजरी। शोभायात्रा में आतिशबाजी की गई। भजनों की धून पर भक्त थिरकते चल रहे थे।
इस अवसर पर सभापति गण गुलशन कुमार साहू, ज्योति रिन्कु चंद्राकर, जय कुमार देवांगन, पार्षद गण मुस्ताक खान (विक्की) धनेंद्र विक्की चंद्राकर, शुभ्रा मनीष शर्मा, नीरज चंद्राकर, पीयुष साहू, सीता तोंडेकर, वरिष्ठ जन भरत ठाकुर, गोविंद साहू, राजू साहू, सुनील चंद्राकर, राजा सोनी आदि उपस्थित रहे।


