महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 21 अप्रैल। समीपस्थ ग्राम मैमरा में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना को लेकर ग्रामीणों ने जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सविता पटेल के पति तुलाराम चौधरी ने 16 अप्रैल की सुबह पड़ोस की एक बालिका को घर भेजकर पत्नी की जानकारी लेने को कहा। बालिका ने घर जाकर देखा तो सविता कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे फांसी पर लटकी हुई थी। इसके बाद उसने तुलाराम को इसकी सूचना दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, सविता का विवाह लगभग 10 माह पहले हुआ था और वह करीब 5 माह की गर्भवती थी। उसका मायका सरायपाली विकासखंड के खरनीहा बहाल में है।
बताया गया है कि घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच विवाद भी हुआ था, जिसकी आवाज आसपास के लोगों ने सुनी थी।
बताया जाता है कि घटना के समय सुबह करीब 4 बजे तुलाराम ट्रैक्टर लेकर पड़ोसी के खेत में गया था। सूचना मिलने के बाद वह वापस लौटा और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को सीधे अस्पताल ले जाने के बजाय पिथौरा के खेल मैदान में लाया गया और मृतका के मायके पक्ष को बुलाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पंचनामा और पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। साथ ही फांसी में उपयोग की गई साड़ी को भी जला दिया गया, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उन्हें फांसी की कोई जानकारी नहीं है। उनके अनुसार, मृतका कुछ दिन पहले बीमार थी और उसका उपचार पिथौरा में कराया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि मृतका के परिजनों द्वारा किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया गया है।


