महासमुन्द

सूचना का अधिकार में लापरवाही, सचिव के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित
20-Apr-2026 8:47 PM
सूचना का अधिकार में लापरवाही, सचिव के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित

महासमुंद, 20 अप्रैल। महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के बड़ेटेमरी ग्राम पंचायत के सचिव दूबराज साहू के खिलाफ सूचना का अधिकार अधिनियम से जुड़े प्रकरण में लापरवाही के आरोप में अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। आरोप है कि उन्होंने जारी नोटिस का जवाब प्रस्तुत नहीं किया।

जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार दास ने अगस्त 2025 में ग्राम पंचायत बड़ेटेमरी में सूचना का अधिकार के तहत आवेदन दिया था।

निर्धारित समय में जानकारी उपलब्ध नहीं कराए जाने पर उन्होंने जनपद पंचायत बसना में प्रथम अपील दायर की। इसके बाद जनसूचना अधिकारी द्वारा 10 नवंबर को एक सप्ताह के भीतर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इसके बावजूद जानकारी उपलब्ध नहीं कराए जाने पर आवेदक ने 10 दिसंबर 2025, 16 मार्च और 7 अप्रैल 2026 को संबंधित अधिकारियों को पत्र प्रस्तुत किए। इस पर जनपद पंचायत बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 11 दिसंबर और 16 मार्च को सचिव को नोटिस जारी किया गया।

बसना जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीयूष सिंह ठाकुर ने बताया कि संबंधित सचिव को कई बार नोटिस जारी किया गया, लेकिन जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इस पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव तैयार कर जिला पंचायत महासमुंद को भेजा गया है।


अन्य पोस्ट