महासमुन्द
महासमुंद,20 अप्रैल। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल व्यापमंद्ध द्वारा कल रविवार को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय में आयोजित इस परीक्षा में कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिसमें 2794 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए कुल 4378 पंजीकृत थे। जिसमें 1584 अनुपस्थित रहे। कल आयोजित परीक्षा को लेकर प्रशासन ने चाक-चौबंद तैयारी कर रखी थी। तेज गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों में पेयजल आदि की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा का समय सुबह 11 से 1.15 बजे तक रखा गया था।
परीक्षा से पहले मुख्य द्वार को 10.30 बजे बंद कर दिया गया था। सुबह 8.30 बजे से परीक्षार्थियों को भीतर जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा के लिए ड्रेस कोड भी लागू किए गए थे। जिसमें परीक्षार्थियों के लिए हल्के रंग की आधी बांह की शर्ट और स्लीपर पहनना अनिवार्य किया गया था। महिला अभ्यर्थियों को कान के आभूषण जैसे झुमके पहनने की अनुमति नहीं थीं। विवाहित महिलाओं को मंगलसूत्र पहनने की अनुमति दी गई थी।


