महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20 अप्रैल। ग्राम पंचायत खरोरा के मणिकंचन केंद्र में रविवार की शाम अचानक आग लग गई। इससे केंद्र में रखा करीब 1 टन प्लास्टिक पॉलिथीन जलकर राख हो गया है।
गनीमत रही कि दमकल विभाग और कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और वहां रखा अन्य 4 टन प्लास्टिक सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 4 बजे की है। केंद्र में काम करने वाली स्वसहायता समूह की महिलाएं अपना काम खत्म कर घर के लिए निकली ही थीं कि 15 मिनट बाद वहां से धुएं का गुबार उठने लगा। उस वक्त केंद्र में कोई मौजूद नहीं था। नपा के कंचन केन्द्र प्रभारी नवसाद बक्श ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। लेकिन आशंका है कि किसी असामाजिक तत्व ने शरारत में आग लगाई होगी। राहगीरों ने जब लपटें देखीं, तो तुरंत इसकी सूचना नगर पालिका को दी।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही फ ायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और केंद्र के कर्मचारियों ने परिसर में स्थित ट्यूबवेल से पाइप बिछाकर मोर्चा संभाला। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया।
प्रभारी ने स्पष्ट किया कि केंद्र में कुल 5 टन प्लास्टिक पॉलिथीन रखा हुआ था। आग केवल छंटनी किए गए 1 टन हिस्से तक ही पहुंची थी। समय रहते आग पर काबू पाने से अन्य कीमती सामान और भारी मात्रा में रखा प्लास्टिक सुरक्षित हैं।


