महासमुन्द

21 को संस्कार समर कैंप, आकाश दर्शन कार्यशाला
19-Apr-2026 5:17 PM
21 को संस्कार समर कैंप, आकाश दर्शन कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 19 अप्रैल।
संस्कार समर कैंप के अंतर्गत 21 अप्रैल को आकाश दर्शन कार्यशाला (एस्ट्रोनॉमी वर्कशॉप) का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बच्चों को खगोलीय घटनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी तथा विशेषज्ञ उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।
आयोजन में एस्ट्रोनॉमिकल टेलिस्कोप के माध्यम से चंद्रमा, शनि, बृहस्पति और नक्षत्रों का अवलोकन कराया जाएगा। साथ ही उनके बारे में जानकारी भी दी जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, स्कूली पाठ्यक्रम में ग्रहों और तारों की जानकारी होने के बावजूद बच्चों को उनका प्रत्यक्ष अनुभव कम मिल पाता है। इसी उद्देश्य से बच्चों में खगोलीय पिंडों और अंतरिक्ष संबंधी विषयों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
यह कार्यक्रम संस्कार शिक्षण संस्थान और छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा, पिथौरा के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय प्रतिभा विद्यालय में शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन में समर क्लास के विद्यार्थियों के साथ नगर क्षेत्र के स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और अन्य नागरिक भी भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम नि:शुल्क रखा गया है।
कार्यक्रम में अजय कुमार भोई (एस्ट्रोनॉमी विशेषज्ञ), डॉ. यशवंत सोना (स्टेट सेक्रेटरी, छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा), हेमंत खूंटे (राज्य प्रेस सचिव, छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा) और सचिन प्रधान (इंजीनियर) उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा विज्ञान मेला, अंधविश्वास से संबंधित जनजागरूकता, यातायात सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण विषयों पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट