महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 अप्रैल। शहर में 11 केव्ही टाउन-1, 2, 3 एवं 11 केव्ही बम्हनी फीडर अंतर्गत बीटीआई रोड पर सडक़ चौड़ीकरण कार्य के चलते आज सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर नए विद्युत पोल और तार लगाने का कार्य किया गया। बिजली बंद रहने से बीटीआई रोड, मौहारी भांठा, शिवानंद कॉलोनी, सिविल लाइन, वन विद्यालय एवं कार्यालय परिसर, केंद्रीय विद्यालय, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कौशिक कॉलोनी, भाजपा कार्यालय के पीछे का क्षेत्र, मलेरिया ऑफिस के आसपास, गुड़रूपारा और शास्त्री चौक क्षेत्र प्रभावित रहे।
विद्युत मंडल द्वारा एक दिन पहले सूचना जारी कर बताया गया था कि गौरव पथ निर्माण के तहत पोल शिफ्टिंग का कार्य किया जाएगा, जिसके कारण निर्धारित समय तक बिजली बंद रहेगी।
इस दौरान गर्मी और बिजली बंद रहने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता पी.आर. वर्मा ने कहा कि गौरव पथ निर्माण के लिए पोल शिफ्टिंग आवश्यक है। उनके अनुसार, पोल शिफ्ट नहीं होने से डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। बारिश के दौरान यह कार्य करना संभव नहीं होता, इसलिए अभी यह कार्य किया जा रहा है। निर्धारित समय के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अनिल अग्रवाल ने बताया, पोल शिफ्टिंग के लिए पहले ही मांग पत्र दिया जा चुका था। पोल हटने के बाद सडक़ निर्माण कार्य में तेजी आएगी।


