महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अप्रैल। महासमुंद पुलिस ने जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में बालाजी प्लांट बेलसोंडा में भारी मात्रा में जब्त गांजे का नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई शुक्रवार को शासन के दिशा-निर्देशों के तहत हुई।
नष्टीकरण अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के 18 प्रकरणों से संबंधित कुल 999.200 किलोग्राम लगभग 10 क्विंटल गांजा नष्ट किया गया। जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 5 करोड़ 4 लाख 23 हजार 300 रुपए आंकी गई है।
यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय और जिला आबकारी अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नष्टीकरण से पूर्व सभी जब्त सामग्री का विधिवत भौतिक सत्यापन किया गया था। जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गांजे से संबंधित प्रकरणों कोमाखान से 7, बसना से 7, सांकरा से 1,सिंघोड़ा से 2,पिथौरा से 1 शामिल हैं। इन मामलों में से सिंघोड़ा थाना के 2 प्रकरण वर्ष 2025 के थे। जबकि शेष 16 प्रकरण वर्ष 2026 के हैं, जो कोमाखान, बसना, सांकरा और पिथौरा थानों से संबंधित हैं।


