महासमुन्द

आग से दो दुकान खाक
17-Apr-2026 4:52 PM
आग से दो दुकान खाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17अप्रैल। सरायपाली के कलकत्ता सुपर बाजार गली में स्थित ठाकुर पूजा भंडार और एमके गद्दा दुकान में कल भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों दुकानें जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार आग ठाकुर पूजा भंडार में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जो तेजी से फैलते हुए पास के एमके गद्दा दुकान तक पहुंच गई।

आग बुझाने में सबसे बड़ी चुनौती यह रही कि सरायपाली और बसना की फायर ब्रिगेड मशीनें खराब थीं। बताया जा रहा है कि बसना, पिथौरा और सरायपाली की फायर ब्रिगेड पिछले 2-3 वर्षों से खराब हालत में हैं। ऐसे में पदमपुर, सारंगढ़, बागबाहरा और महासमुंद से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलानी पड़ी। वहीं स्थानीय प्रशासन और नगरवासियों ने मिलकर ड्रम में पानी भरकर टल्लू मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

सरायपाली तहसीलदार श्रीधर पंडा ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि दोनों दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद क्षेत्र में फायर ब्रिगेड व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। लंबे समय से खराब पड़ी मशीनों के कारण आपात स्थिति में स्थानीय लोगों को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है और मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट