महासमुन्द

आईपीएल सट्टा : 9 बड़े सटोरिए गिरफ्तार
17-Apr-2026 1:56 PM
आईपीएल सट्टा :  9 बड़े सटोरिए गिरफ्तार

 लाखों के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के प्रमाण मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17अप्रैल। महासमुंद जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा के खिलाफ  कल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। जिसने अवैध नेटवर्क की जड़ें हिला दी। इस पूरे ऑपरेशन का मुख्य केन्द्र बसना थाना क्षेत्र की भंवरपुर चौकी रही। यहां एक सटोरिए की गिरफ्तारी ने सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ कर दिया और देखते ही देखते 9 बड़े सटोरिए पुलिस के शिकंजे में आ गए। 

पुलिस ने सबसे पहले भंवरपुर चौकी क्षेत्र में भंवरपुर निवासी योगेश्वर देवांगन को ऑनलाइन सट्टा में शामिल होने पर गिरफ्तार किया। सटोरिया योगेश्वर देवांगन से हुई पूछताछ की कार्रवाई पुलिस के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। आरोपी के मेमोरेंडम में सामने आए नामों ने पुलिस को सीधे संगठित सट्टा नेटवर्क तक पहुंचा दिया।

इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल रणनीति बनाकर 5 विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने बसना, पिथौरा, सांकरा, सरायपाली सहित विभिन्न स्थानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई इतनी सटीक और योजनाबद्ध थी कि सट्टा नेटवर्क के 9 मुख्य सटोरिए पुलिस के हत्थे चढ़ गए और किसी को भी संभलने का मौका तक नहीं मिला। 

जांच के दौरान आरोपियों के पास से 11 मोबाइल बरामद किए गए। जिनमें आई फोन, विवो और ओप्पो जैसे स्मार्टफोन शामिल हैं। इन मोबाइलों में डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए 3 लाख रुपए से अधिक के ऑनलाइन सट्टा लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं। जिससे यह स्पष्ट हुआ है कि यह गिरोह संगठित और बड़े स्तर पर सक्रिय था। 

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ  छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए कड़ी कार्रवाई की है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में योगेशवर देवांगन, नरेन्द्र पटेल दोनों भंवरपुर निवासी, उमाशंकरपति ग्राम बारपेलाडीह थाना बसना, शरीफ खान आदर्श नगर बसना, पार्थो डे वार्ड 5 बसना, रवि अग्रवाल पिथौरा निवासी, बाबू लाल मानिकपुरी निवासी नवरंगपुर, नोहर राम पटेल सांकरा निवासी एवं राजा माटा पिथौरा निवासी है। पुलिस ने आगे बताया कि उक्त मामले में तीन आरोपी फरार हैं व फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है।

पुलिस इस वक्त फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इसके अलावा उनके बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और नेटवर्क की गहन जांच भी जारी है। बहरहाल महासमुंद पुलिस की इस सुनियोजित कार्रवाई से सट्टा से जुड़े लोगों में हडक़म्प मच गया है। 9 लोगों की गिरफ्तारी के बाद बसना थाने के ईर्द-गिर्द अचानक लोगों की भीड़ नजर आने लगी है। हालांकि पुलिस थाने में अनावश्यक भीड़ करने वालों को समझाकर भगा रही है। फिर भी इस सट्टा मामले में बड़े सटोरियों की गिरफ्तारी की बसना, सरायपाली, पिथौरा के होटलों, पान ढेलों, चाय स्टॉलों में चर्चा है।

 


अन्य पोस्ट