महासमुन्द
बागबाहरा, 15 अप्रैल। भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर बागबाहरा में कांग्रेसजनों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक श्री द्वारिकाधीश यादव ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को न्याय दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने जातिगत भेदभाव और अस्पृश्यता के खिलाफ सशक्त आवाज उठाई तथा भारतीय समाज को समता की दिशा में अग्रसर करने का कार्य किया। भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के कारण उन्हें संविधान निर्माता के रूप में सदैव याद किया जाएगा। स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री के रूप में भी उन्होंने देश को नई दिशा दी। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष देवनाथ साहू, कोमाखान ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिन्हा, जिला महामंत्री भूपेंद्र ठाकुर, जिला महामंत्री संतोष पटेल, कोषाध्यक्ष राहुल कुलदीप, मंडल अध्यक्ष चंदू साहू, आशीष दीवान, जिला महामंत्री गणेश शर्मा, शमीम खान, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश यादव, एडीशन ठाकुर, पार्षद शिवा जगत, अश्वनी कुमार सेन, भूपेंद्र कुमार पटेल, चेतनलाल कुलदीप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


