महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 11 अप्रैल। पिथौरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव से सौजन्य मुलाकात कर अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने एवं जमीनी स्तर पर कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए क्षेत्र में संगठन विस्तार एवं जनसमस्याओं के निराकरण हेतु सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।
मुलाकात के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री यादव ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए संगठन हित में एकजुट होकर का करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ एवं पंचायत स्तर तक मजबूत करना ही प्राथमिकता है, जिससे आम जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
इस दौरान उपाध्यक्ष ओमप्रकाश चक्रधारी, महामंत्री महेंद्र साहू एवं खेमराज साहू, रेशम चक्रधारी, सेक्टर प्रभारी केशवराम साहू, सचिव चोवाराम साहू, देवेंद्र चक्रधारी, रूपचंद चक्रधारी, टेकराम साहू, भानुराम यादव, संजय बरिहा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।