महासमुन्द

खल्लारी में बिजली कटौती, लो-वोल्टेज से ग्रामीण परेशान
11-Apr-2026 4:42 PM
खल्लारी में बिजली कटौती,  लो-वोल्टेज से ग्रामीण परेशान

 सदन में भी उठाया गया मुद्दा, सरकार का जवाब असंतोषजनक- द्वारिकाधीश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 11 अप्रैल। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने क्षेत्र में व्याप्त बिजली समस्याओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति का चरमराता ढांचा आम जनता के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। अप्रैल महीने की शुरुआत से ही बिजली विभाग का रोस्टर पूरी तरह विफल नजर आ रहा है, जिसके चलते कई क्षेत्रों में घंटों अघोषित बिजली कटौती हो रही है।

विधायक ने कहा कि लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से ग्रामीणों की रातों की नींद हराम हो गई है तथा आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। कई बार विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने बताया कि खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के कोमाखान, टेका, डोंगरगांव, चारभांठा, सालड़बरी, बोडरीदादर, खट्टी, मोंगरपाली, नवागांव, सोहागपुर सहित कई गांवों में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई स्थानों पर पुराने ट्रांसफार्मर ओवरलोड के कारण बार-बार खराब हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है। सिंचाई के लिए पंप नहीं चल पाने के कारण फसलें सूखने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है। उन्होंने इस गंभीर समस्या को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने महासमुंद जिले में ट्रांसफार्मर की कमी, लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति में अनियमितता का मुद्दा सदन के सामने रखा।

सदन में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए जवाब में कहा गया कि जिले में सामान्यत: बिजली आपूर्ति में कोई विशेष समस्या नहीं है और आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।  मुख्यमंत्री के इस जवाब पर विधायक ने असहमति जताते हुए इसे पूरी तरह असंतोषजनक बताया। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत है और ग्रामीण आज भी बिजली की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट