महासमुन्द
महासमुंद,10 अप्रैल। गांजा परिवहन के मामले में आरोप दोष सिद्ध होने पर दो आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 ख ।। ग के तहत विशेष न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी ने 15-15 साल का सश्रम कारावास और डेढ़-डेढ़ लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर एक-एक वर्ष का पृथक से सश्रम कारावास होगा।
अभियोजन के अनुसार कोमाखान थाना में 25 अप्रैल 23 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सफेद रंग के महिद्रा मार्सल गाड़ी में अवैध रूप से गांजा रखकर विक्रय के लिए ओडि़शा राज्य से आ रहे हैं।
सूचना पर टेमरीनाका पहुंचकर घेराबंदी की गई। मुखबिर के बताए गाड़ी आने पर उसे रोककर पूछताछ की गई तो वाहन चालक ने अपना नाम सतीश ग्राम कोमादारी विशाखापटनम बताया। बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम वंकरा सुनील माइकल कोमादारी विशाखापटनम बताया।
वाहन की तलाशी ली गई तो गाड़ी के पीछे सीट के नीचे बने एक चेंबर तथा गाड़ी के उपर छत को उठाकर देखने पर सौ किलो ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। आरोपियों को गिरफ्तार कर विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा गया था। जहां से आरोप सिद्ध होने पर सजा सुनाई गई।
अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक नूतन साहू ने ंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंपैरवी की।