महासमुन्द

महासमुंद के रास्ते रोज गांजे की बड़ी खेप तस्करी
10-Apr-2026 2:51 PM
महासमुंद के रास्ते रोज गांजे की बड़ी खेप तस्करी

5 दिनों में 4 करोड़ का गांजा बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,10 अप्रैल। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ  पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसके बावजूद नशे के सामानों का परिवहन बंद होने का नाम ही नहीं ले रहा है। कल एक बार फिर भारी मात्रा में गांजा पकडऩे में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सिंघोड़ा पुलिस के द्वारा रेहटीखोल के पास कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 312 किलोग्राम से अधिक के गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों इम्तियाज खान कर्नाटक और रविप्रकाश राउतकर बालाघाट मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया है।

मलूम हो कि बीते 5 दिनों में पुलिस ने 4 करोड़ का गांजा जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी तथा इंड टू इंड एवं फाइनेशियल इनवेस्टिगेशन, सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी एवं विधिवत कार्रवाई करने हेतु निर्देश प्राप्त हुआ है।

उक्त निर्देशानुसार जिले में पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है। इसी दरमियान कल टीम को सूचना मिली कि एक ट्रक में ओडि़शा की ओर से अवैध मादक पदार्थ गांजा लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए बरहमपुर ओडि़शा से पेडलर जियाउल हक व परिवहन में प्रयुक्त आयशर ट्रक की व्यवस्था कराने वाले सुखविंदर उर्फ  बुलबुल व नदीम अंसारी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 20बी, दो, बी, एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध कायम कर उन्हें गिरफ्तार कर मामले को विवेचना में लिया है।

एक अन्य मामले में सरायपाली थाना अंतर्गत ग्राम केन्दुवार के पास से पुलिस ने मोटरसायकल में गांजा लेकर जा रहे एक व्यक्ति को साढ़े 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि बस्ती सरायपाली का एक व्यक्ति मोटर सायकल में गांजा लेकर बिक्री करने हेतु सरायपाली से सागरपाली भंवरपुर की ओर आ रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी नितेश सिंह ठाकुर के निर्देशन में पुलिस की टीम ने ग्राम केन्दुढार कबीर आश्रम के सामने मेन रोड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद लाल रंग के मोटर सायकल बाक्सर आते ही उसे रोक कर आरोपी से पूछताछ की।

आरोपी ने अपना नाम दुर्गाप्रसाद वैष्णव उसरायपाली वार्ड नंबर 14 बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक पिट्दू बैग के अंदर दो पारदर्शी झिल्ली में मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ पाया गया। पुलिस ने उसके पास से दोनों झिल्ली में रखा कुल 4.432 किलो ग्राम गांजा कीमत 2लाख,45 हजार रुपए तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसायकल जब्त किया। यहां भी आरोपी के विरुद्ध धारा 20 ख नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध उसे गिरफ्तार किया गया है।


अन्य पोस्ट