महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 अप्रैल। नगरीय निकाय के कर्मचारियों को नवीन श्रम संहिताओं के अंतर्गत केंद्रीय दर का लाभ प्रदान करने की मांग को लेकर मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन विकास विभाग मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर कर्मचारियों को तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की है।
श्री साहू ने पत्र में कहा है कि 4 नवीन श्रम कोड के तहत कर्मचारियों को केंद्रीय वेतनमान एवं अन्य लाभ प्रदान किए जाने का प्रावधान किया गया है। किंतु वर्तमान में नगर पालिका एवं नगरीय निकायों के कर्मचारियों को इसका लाभ प्राप्त नहीं हो रहा है। जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। श्री साहू ने मंत्री से इस महत्वपूर्ण विषय पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश प्रदान करने का निवेदन किया है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व ही नपा के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर श्रम कानून लागू कर वेतन प्रदान करने की मांग की थी।
कर्मचारियों के हित को ध्यान में रखकर नपाध्यक्ष श्री साहू ने नगरीय प्रशासन मंत्री को पत्र लिखकर कर्मचारियों की मांग से अवगत कराया।