महासमुन्द

बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग निर्माण को मंजूरी
07-Apr-2026 4:43 PM
बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग निर्माण को मंजूरी

ओडिशा को सीधे जोड़ेगी सडक़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,7अप्रैल। जिला महासमुंद के बहुप्रतीक्षित बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के निर्माण हेतु राज्य शासन द्वारा आमजन की लंबे समय से चली आ रही मांग एवं जनभावनाओं के अनुरूप त्वरित निराकरण करते हुए कुल राशि 7415.29 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील निर्णय से जिले में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री के जनहित के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के परिणामस्वरूप यह स्वीकृति प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन की त्वरित पहल, जनप्रतिनिधियों की मांग एवं आम नागरिकों की आवश्यकता को देखते हुए इस परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा एवं रफ्तार मिलेगी। इसके पूर्व केनाल लिंकिंग रोड 3 किलोमीटर एवं साराडीह.बरोंडा रोड 5 किलोमीटर को स्वीकृति मिल चुकी है।

 

बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग की कुल लंबाई 25.9 किलोमीटर होगी।

जिससे क्षेत्र में आवागमन सुगम एवं सुदृढ़ होगा। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता चंद्रशेखर चंद्राकर ने जानकारी दी कि स्वीकृत योजना के तहत दो.लेन डामरीकृत सडक़ का निर्माण किया जाएगा।

सडक़ की चौड़ाई 7.00 मीटर होगी। जिसके दोनों ओर 1.50 मीटर चौड़ी पटरी का प्रावधान रहेगा। इसके साथ ही ग्राम क्षेत्रों में सीसी रोड एवं आरसीसी ड्रेन निर्माण भी किया जाएगा। जिससे ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

इस परियोजना में भू.अर्जन एवं युटिलिटी शिफ्टिंग हेतु 1290.18 लाख रुपए तथा 76 नग पुल.पुलिया निर्माण के लिए 661.80 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। यह मार्ग ओडि़शा राज्य से सीधा संपर्क स्थापित करेगा।

जिससे अंतरराज्यीय आवागमन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल नरसिंगनाथ जाने वाले यात्रियों की दूरी लगभग 25 किलोमीटर कम हो जाएगी। मार्ग के निर्माण से लगभग 40 ग्रामों के निवासियों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा तथा व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया की जाएगी एवं कार्य प्रारम्भ किया जाएगा।


अन्य पोस्ट