महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अप्रैल। जिले में बिना मान्यता संचालित निजी स्कूलों को लेकर एक आवेदन प्रशासन को सौंपा गया है। ग्राम बिजेमाल सांकरा निवासी विवेक साहू ने 23 मार्च को कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन देकर स्वयं भी बिना मान्यता के अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने की अनुमति मांगी है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में ‘ए .के. स्मार्ट इंग्लिश मिडियम स्कूल’ बिना मान्यता के संचालित हो रहा है, जिस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। आवेदक के अनुसार, उक्त स्कूल के कक्षा 8वीं के दो छात्र जिला शिक्षा अधिकारी के 10 मार्च के आदेश के आधार पर पिरदा स्थित आत्मानंद स्कूल में बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं। इसकी पुष्टि प्राचार्य तरूण पटेल द्वारा किए जाने की बात कही गई है।
आवेदक ने तर्क दिया है कि यदि बिना मान्यता के स्कूल संचालित हो रहे हैं, तो उसे भी समान रूप से स्कूल खोलने की अनुमति दी जाए। आवेदन में उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए परिवार के पालन-पोषण के लिए स्कूल खोलने की आवश्यकता बताई है।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से उक्त स्कूल की तरह ही अनुमति देने की मांग की है।
प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। नियमों के अनुसार, निजी स्कूलों के संचालन के लिए निर्धारित मान्यता आवश्यक होती है।


