महासमुन्द
अवैध शराब के 35 आरोपी संग 17 वारंटी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अप्रैल। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ युद्ध स्तर पर मोर्चा खोल दिया है।
4 और 5 अप्रैल को जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में एक साथ की गई इस कार्रवाई ने जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों की कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में महासमुंद जिले को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर 38 विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात और सुबह के वक्त जिले के 115 चिन्हित और संदिग्ध स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस औचक रेड से अवैध शराब विक्रेताओं और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हडक़ंप मच गया। अभियान के दौरान पुलिस ने सबसे बड़ी कार्रवाई अवैध शराब के खिलाफ की। कुल 35 प्रकरणों में पुलिस ने 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 357.020 लीटर अवैध शराब जब्त की। वहीं नशे के कारोबार पर लगाम कसते हुए 2 बड़े मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10.500 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। अपराध की मंशा रखने वालों पर अंकुश लगाने के लिए आम्र्स एक्ट के तहत 1 प्रकरण दर्ज किया गया।
साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने जिले भर में 30 प्रतिबंधात्मक प्रकरणों में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए।
इस विशेष अभियान में पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड खंगालते हुए फरार वारंटियों की भी धरपकड़ की। कार्यवाही के दौरान कुल 17 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। जबकि 3 स्थायी वारंटियों को पकडऩे में सफलता मिली, जो लंबे समय से पुलिस की नजरों से बच रहे थे।


