महासमुन्द
घंटों मशक्कत के बाद रास्ता खुला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल। आज सुबह से महासमुंद में झमाझम बारिश हुई। इससे पहले कल रात जोरदार आंधी तूफान आया। मौसम विभाग ने बारिश चेतावनी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में परिवर्तन हुआ है। वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में ओला वृष्टि की संभावनाएं प्रबल हो रही है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तापमाम 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। ऐसे में बारिश के खत्म होते ही फिर एक बार गर्मी लोग हलाकान होंगे।
चिलचिलाती गर्मी के बीच कल शाम एकाएक मौसम बदला। कल दिन भर बदली और उमस भरी गर्मी के बाद शाम अचानक तेज हवाएं चली। इस बीच इंदिरा मार्केट, सब्जी बाजार तथा मुख्य मार्ग के दुकानों के सामने रखे सामान अस्त-व्यस्त हो गए। लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। अंधड़ के कहर की वजह से शहर के रायपुर से बेलसोंडा तक 30 से अधिक पेड़ तथा दर्जनों पोल धराशायी हो गए।
जिले में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी खबर है। अंधड़ के दौरान हमेशा की ही तरह बिजली लगभग आधे घंटे गुल रही। हालांकि बीच-बीच में आती-जाती रही। वहीं आज सुबह से बारिश शुरू होते ही घंटों बिजली बंद रही। रात में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात में खास तौर पर स्ट्रीट वेंडर्स को भारी परेशानियां हुई। खुले में रखे जलपान में धूल चले जाने की वजह से उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। रोड क्लियर करने के लिए पुलिस, प्रशासन की टीम तथा लोगों की मदद लेकर घंटों मशक्कत के बाद रोड क्लियर किया।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बस्तर समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी, तूफ ान के साथ बारिश हो सकती है। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज बारिश होने की संभावना है। विभिन्न द्रोणिकाओं के असर से वेस्टर्न डिस्टर्बेस के कई हिस्सों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफ ान आ सकता है साथ ही बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार महासमुंद सहित आसपास जिलों में भी तेज अंधड़ के आसार हैं।


