महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल। जिला मुख्यालय में गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं के बीच असमंजस की स्थिति देखी जा रही है। इस बीच एक गैस एजेंसी में वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं ने शिकायतें की हैं।
जानकारी के अनुसार, बरोंडा चौक स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर सुबह से बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने पहुंचे। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने पहले से बुकिंग कराई थी और ओटीपी मिलने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला।
उपभोक्ताओं के अनुसार, वितरण समय के दौरान कर्मचारियों ने स्टॉक समाप्त होने की जानकारी दी, जिसके बाद लोगों को बिना सिलेंडर लौटना पड़ा। कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बाद में पास स्थित गोदाम में सिलेंडर उपलब्ध होने की जानकारी मिली, जहां वाहनों में भरे सिलेंडर देखे गए। उनका कहना है कि इसके बावजूद तत्काल वितरण नहीं किया गया।
इस संबंध में खाद्य अधिकारी अजय यादव ने कहा कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि संबंधित एजेंसी में वितरण को लेकर मिली शिकायतों की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिले में कुल 17 गैस एजेंसियां संचालित हैं और लगभग 2.86 लाख उपभोक्ता हैं, जिनमें उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
वहीं एजेंसी संचालक पंकज चंद्राकर ने कहा कि उस समय उपलब्ध स्टॉक समाप्त हो गया था और बाद में सिलेंडरों की खेप पहुंची। उनके अनुसार, स्टॉक आने के बाद उपभोक्ताओं को क्रमवार सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।