महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 4 अप्रैल। महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर परिसर में 5 दिवसीय खल्लारी मेला महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष केशव नायक रामचंद्राकर द्वारा किया गया। जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, खल्लारी मंदिर ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष विनोद त्रिवेदी एवं जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत खल्लारी के सरपंच पुष्पेंद्र साहू ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत खल्लारी माता के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि केशव नायक रामचंद्राकर ने कहा कि खल्लारी मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार ने कहा कि खल्लारी महोत्सव क्षेत्र की पहचान है और इसके आयोजन में सभी का सहयोग आवश्यक है।
जनपद पंचायत सीईओ एम.एल. मरावी ने कहा कि प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस अवसर पर जनपद पंचायत के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उप सरपंच तारेश साहू ने आभार व्यक्त किया।
ज्ञात हो कि खल्लारी माता मंदिर छत्तीसगढ़ के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। यह मंदिर प्राकृतिक सौंदर्य से घिरी पहाड़ी पर स्थित है, जहां तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को सैकड़ों सीढिय़ां चढऩी पड़ती हैं। मान्यता है कि यहां विराजित मां खल्लारी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं और संकटों का नाश करती हैं। हर वर्ष लगने वाला खल्लारी मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का भी अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है।