महासमुन्द
दीनदयाल विवि से संबद्धता के बाद अंतिम मुहर लगाएगी एनएमसी
तैयारी तेज, 11 विषयों के लिए यूनिवर्सिटी में आवेदन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अप्रैल। स्थानीय मेडिकल कॉलेज में पोस्ट ग्रेजुएट पीजी की कक्षाएं शुरू करने शासन से अनुमति मिलने के बाद अब कॉलेज प्रबंधन ने आगे की औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने पं. दीनदयाल स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय से संबद्धता प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इसके लिए निर्धारित शुल्क भी जमा किया जा चुका है। संभावना है कि अगले एक माह के भीतर विश्वविद्यालय की टीम मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं का निरीक्षण करेगी, जिसके बाद संबद्धता प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
विभागीय जानकारी अनुसार यूनिवर्सिटी से प्रमाण पत्र मिलने के बाद नेशनल मेडिकल कमीशन एनएमसी द्वारा प्रदान की गई यह मान्यता प्रत्येक 3 वर्षों में रिन्यू करानी होगी। प्रबंधन की ओर से पहले 8 विषयों में पीजी कोर्स शुरू करने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 11 विषयों के लिए अनुमति मांगी जा रही है। पिछले दो महीनों से कॉलेज प्रबंधन लगातार इन तैयारियों में जुटा हुआ है। पहले 31 मार्च तक आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी थी। लेकिन एनएमसी ने तारीख आगे बढ़ाकर इसे अब 20 अप्रैल कर दिया है।
एनएमसी ने आवेदन के साथ कॉलेज और अस्पताल की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी मांगी है। इसमें मुख्य रूप से अधोसंरचना चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सूची और अस्पताल में होने वाले मेजर व माइनर ऑपरेशनों के आंकड़े शामिल हैं। इसके अलावा, सोनोग्राफी और अन्य डायग्नोस्टिक सुविधाओं की जानकारी भी भेजनी होगी। इन पीजी सीटों की अनुमति के लिए मेडिकल कॉलेज को एनएमसी को 59 लाख रुपए का शुल्क भुगतान करना होगा।
जानकारी मिली है कि प्रबंधन वर्तमान में सभी सुविधाओं और दावों की सत्य प्रतिलिपि नोटरी के माध्यम से तैयार कर रहा है, ताकि इस प्रक्रिया में कोई तकनीकी बाधा न आए। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार कार्य किया जा रहा है। समय सीमा कम होने के कारण युद्ध स्तर की मौजूदा सुविधाओं के प्रमाण और अन्य सांख्यिकीय आंकड़े एकत्र किए जा रहे हैं। पीजी कक्षाएं शुरू होने से न केवल स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा मिलेगी। बल्कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढऩे से मरीजों को भी बेहतर इलाज मिल सकेगा।
मेडिकल पीजी स्नातकोत्तर कक्षाओं के भौतिक सुविधाएं जैसे कि अस्पताल,लैब संचालन के लिए आवश्यक संसाधनों में पुस्तकालय, मानव संसाधन जैसे कि योग्य फैकल्टी और सहायक कर्मचारी और नैदानिक संसाधन जैसे कि उपकरणों और प्रौद्योगिकी की उपलब्धता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त चिकित्सा शिक्षा के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा निर्धारित मानदंडों को पूरा करना और के लिए प्रशासनिक और वित्तीय सहायता आवश्यक है।