महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 2 अप्रैल। रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने राज्य सरकार द्वारा पारित धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर चर्चा करते हुए कहा कि यह विधेयक अवैध धर्मांतरण कराने वालों के लिए गहरा आघात है। उन्होंने बताया कि यह विधेयक हाल ही में विधानसभा सत्र में पारित किया गया है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी की जा रही है।
ज्ञात हो कि विधायक पुरन्दर मिश्रा नगर के पत्रकार रमेश सिन्हा के यहां एक शोक कार्यक्रम में आये थे। उन्होंने ‘छत्तीसगढ़’ से विशेष चर्चा करते हुए कहा कि यह सर्व विदित तथ्य है कि बस्तर एवं सरगुजा जैसे पिछड़े क्षेत्रों में कई दशकों से संगठित तरीके से धर्मांतरण कराया जा रहा था, लेकिन अब मैदानी क्षेत्रों में भी धर्मांतरण की घटनाएं बढ़ती जा रही थी जो कि पूरे छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं परम्पराओं के लिए चिंताजनक थी। लिहाजा इस बिल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
उन्होंने राज्य सरकार की अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसानों को धान की खरीदी का भुगतान एकमुश्त किया गया है। साथ ही भूमिहीन परिवारों के खातों में राशि हस्तांतरित की गई है।
श्री मिश्रा ने भूपेश सरकार के पांच वर्षों की तुलना साय सरकार के मात्र दो वर्ष के कार्यकाल से करते हुए कहा कि भूपेश सरकार किसानों की मेहनत का भुगतान तरसा-तरसा कर तीन किस्तों में करती थी, जिसे साय सरकार ने होली के पूर्व एक मुस्त भुगतान कर किसानों के चेहरों पर रौनक़ ला दी।
भाजपा सरकार में इसके अलावा और भी अनेक महत्वपूर्ण कार्य किये गए है, इसमें पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपनो को पँख लगाते हुए जमीन पर उतारा है इसमें अंत्योदय के तहत समाज के अंतिम व्यक्ति तक को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। इसके तहत हाल ही में भूमिहीनों को करीब पांच लाख परिवार के खातों में 500 करोड़ की राशि स्थानांतरित की गयी है, मजदूरों के हित में केवल इतना ही नहीं बल्कि जो मनरेगा घिसट घिसट कर चल रही थी जिसमे मजदूरों को काम नहीं मिलता था, इसमें काम के बाद भुगतान के लिए मजदूर परेशान रहते थे. इन परेशानी को दूर करने के लिए इसका कलेवर बदल कर नई योजना जी रामजी के रूप में लागू की गयी है जिससे मजदूरों का हित संवर्धन हो रहा है और साल में अब 100 के स्थान पर 125 दिन रोजगार मुहैया कराने की गारंटी दी गयी है। इसके अलावा महतारी वंदन योजना, किसानों का धान प्रति एकड़ 21 क्विंटल 3100 की दर से खरीद कर प्रदेश के किसानों को खुशहाल कर दिया।