महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अप्रैल। शासकीय मिडिल स्कूल लिमगांव से संबंधित शिकायत की जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी, महासमुंद को प्रस्तुत की गई है। प्रकरण में कई शिक्षक सहित अधिकारी दोषी पाए गए।
गौरतलब है कि शिकायतकर्ता विनोद कुमार दास के द्वारा उच्च अधिकारियों से कई बार पत्राचार के अलावा ‘छत्तीसगढ़’अखबार में खबर प्रकाशित के बाद अंतत: बद्री विशाल जोल्हे, लोकेश्वर सिंह कंवर, क्षिरोद्र पुरोहित एवं अनिल सिंह साव ने जांच पूर्ण की।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने बताया कि जांच दल द्वारा रिपोर्ट कार्यालय में जमा कर दी गई है और आगे की कार्रवाई के लिए उच्च कार्यालय को भेजी जा सकती है।
शपथपूर्वक दिए गए बयान से मुकरने का मामला
जांच रिपोर्ट के अनुसार, संकुल प्रभारी ठण्डाराम टिकूलिया, संकुल समन्वयक गिरधारी लाल पटेल और शिक्षक दिनेश पटेल ने 11 अगस्त 2023 को दिए गए पंचनामा एवं बयान में कहा था कि प्रभारी प्रधानपाठक धनीराम चौधरी लकवाग्रस्त थे और नियमित अध्यापन नहीं करा पा रहे थे। इसके कारण जितेन्द्र साहू नामक व्यक्ति को 6500 रुपये प्रतिमाह देकर अध्यापन कार्य कराया जा रहा था। बाद में जांच के दौरान इन तीनों ने अपने बयान से इंकार किया, जिस पर उन्हें दोषी माना गया।
बीईओ स्तर पर कार्रवाई का अभाव
रिपोर्ट के अनुसार, 2 अगस्त 2022 को ही धनीराम चौधरी की स्थिति के संबंध में जानकारी बीईओ कार्यालय सरायपाली को दी गई थी। इसके बावजूद बीईओ प्रकाश चन्द्र मांझी द्वारा कोई लिखित कार्रवाई नहीं की गई। उपस्थिति से संबंधित अभिलेख भी नियमित रूप से नहीं मांगे गए। जांच में ऑनलाइन उपस्थिति का साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
दस्तावेजों में हस्ताक्षर की अनियमितता
जांच में पाया गया कि शिक्षक मनीष साहू और दिनेश पटेल द्वारा परीक्षाफल पंजी, दाखिल-खारिज पंजी, टीसी और प्रगति पत्रक जैसे दस्तावेजों में धनीराम चौधरी के स्थान पर हस्ताक्षर किए गए, जबकि इसके लिए कोई लिखित आदेश नहीं था। इस संबंध में दोनों को दोषी पाया गया।
एबीईओ द्वारा प्रक्रिया का पालन नहीं
एबीईओ डी.एन. दीवान और तत्कालीन एबीईओ जितेन्द्र रावल ने 11 अगस्त 2023 के पंचनामा में हस्ताक्षर किए थे। बाद में उन्होंने बयान में कहा कि मौके पर तत्कालीन एसडीएम हेमंत रमेश नंदनवार की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। रिपोर्ट के अनुसार, पंचनामा को पढक़र और समझकर हस्ताक्षर करना आवश्यक था, जो नहीं किया गया।