महासमुन्द

केवाईसी के लिए गैस पाइप खरीदी मामले की जांच
26-Mar-2026 3:27 PM
केवाईसी के लिए गैस पाइप खरीदी मामले की जांच

सांई इंडेन एजेंसी के मालिक ने माना-ग्राहकों को दबावपूर्वक पाइप बेचा गया

महासमुंद, 26 मार्च। महासमुंद शहर के एकता चौक स्थित साईं इंडेन गैस एजेंसी में केवाईसी के दौरान उपभोक्ताओं से गैस पाइप खरीदने के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायत के बाद जांच की गई है। शिकायत के आधार पर खाद्य विभाग द्वारा की गई जांच के दौरान एजेंसी संचालक ने लिखित बयान में स्वीकार किया कि कुछ मामलों में उपभोक्ताओं को गैस पाइप खरीदने के लिए कहा गया था। उन्होंने यह भी कहा कि कई उपभोक्ता पुराने पाइप का उपयोग कर रहे थे, जिसके चलते कंपनी स्तर से नए पाइप उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा था। संचालक ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में केवाईसी प्रक्रिया के साथ पाइप खरीदने की अनिवार्यता नहीं रखी जाएगी।

उपभोक्ताओं का आरोप था कि केवाईसी कराने के लिए गैस पाइप खरीदना अनिवार्य किया जा रहा था और पाइप नहीं खरीदने पर केवाईसी नहीं की जा रही थी। इस संबंध में कर्मचारियों द्वारा दबाव बनाने की बात भी कही गई। मामले की जानकारी मिलने पर जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव ने इसे अनुचित बताते हुए जांच के निर्देश दिए। खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा ने बताया कि एजेंसी संचालक को निर्देशित किया गया है कि केवाईसी प्रक्रिया को किसी अन्य शर्त से नहीं जोड़ा जाए।

जांच के बाद संबंधित रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी गई है। अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में एजेंसी कार्यालय में गैस पाइप की बिक्री रोक दी गई है और मामले में आगे की कार्रवाई प्रक्रिया में है।


अन्य पोस्ट