महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च। महासमुंद जिले की थाना कोमाखान पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फ ोर्स ने एक कंटेनर वाहन से गांजा तस्करी करते 2 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12 किग्रा गांजा कीमती 6 लाख 15 हजार रुपए, परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर वाहन, 2 मोबाइल एवं नगदी रकम सहित 26 लाख 20 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
इस तरह साल 2026 में अब तक 57 प्रकरण में 3122.500 किग्रा अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 15 करोड़ 56 लाख 83 हजार बरामद की जा चुकी है। इन सभी मामलों में गिरफ्तार 149 आरोपियों में से 44 छत्तीसगढ़ तथा 105 अन्य राज्यों के हैं। पुलिस सूत्रों के अनुासर 21 मार्च को वाहनों की चेकिंग जारी थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक कत्थे रंग की कंटेनर वाहन में 2 व्यक्ति सवार होकर अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना तस्दीक के लिए गई टीम ने वाहन को रोका और उसमें सवार लोगों से पूछताछ की। कंटेनर चालक ने अपना नाम बाबूलाल उत्तरप्रदेश एवं चालक के बगल में बैठा व्यक्ति ने अपना नाम रविन्द्र ठाकुर उत्तरप्रदेश बताया। कंटेनर की केबिन में बैंगनी रंग के बैग के अंदर गांजा रखा हुआ मिला। आरोपियों के मुताबिक उक्त गांजा को ओडि़शा से खरीदकर हरियाणा राज्य में बिक्री करने ले जा रहे थे। पुलिस ने कंटेनर वाहन समेत उसमें रखा गांजा 12.300 किलोग्राम कीमत 6 लाख,150 हजार रुपए, 01 नग मोबाइल बरामद कर दोनों आरोपियों को कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है।